‘बदला लेने’ की सनक, ड्राइवर ने बच्चे को लोहे के एंगल से मारा, फिर जमीन पर पटका

Maharashtra News: महाराष्ट्र के वसई से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक मामूली विवाद का बदला लेने के लिए एक व्यक्ति ने चार साल के मासूम बच्चे पर बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्सा और आक्रोश का माहौल है.

जानकारी के मुताबिक, वसई पश्चिम की अनुपम घर संकुल सोसाइटी में रहने वाले अतुल कोंढारे का उसी सोसाइटी में रहने वाले रिक्शा ड्राइवर संदीप पवार से कुछ दिन पहले मामूली विवाद हुआ था. सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे सोसाइटी में बच्चे खेल रहे थे, जिनमें अतुल का चार साल का बेटा विघ्नेश भी शामिल था. खेलते-खेलते वह एक रिक्शा में बैठ गया. इसी दौरान आरोपी संदीप वहां पहुंचा और अन्य बच्चों को भगा दिया.

रिक्शा ड्राइवर ने बेरहमी से मासूम को मारा

इसके बाद उसने मासूम विघ्नेश को पकड़कर उसका सिर रिक्शा के लोहे के एंगल से दे मारा. इतना ही नहीं, उसने बच्चे को पैर पकड़कर खींचा और हवा में उछालकर जमीन पर पटक दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने बच्चे को कई बार बेरहमी से जमीन पर पटका, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो उसने खून की उल्टी की.

बचाने आई दादी के साथ की मारपीट

घटना की गंभीरता को देखते हुए बच्चे को वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि जब बच्चे की दादी उसे बचाने आईं तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की. इस पूरी घटना का वीडियो सोसाइटी के सीसीटीवी में कैद हो गया है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है.

पुलिस ने आरोपी संदीप पवार के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. हैरानी की बात यह है कि आरोपी को अपने इस कृत्य पर कोई पछतावा नहीं था और ‘मैंने बदला लिया’ इस अहंकार में वह बेशर्मी से सोसाइटी के सदस्यों को यह सब बता रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *